GPay यूजर्स के लिए बड़ी खबर! 4 जून से बंद होने जा रहा पेमेंट ऐप, लाखों यूजर्स पर पड़ेगा असर

Google के अनुसार 4 जून 2024 के बाद अमेरिकी यूजर्स गूगल पे के जरिए न तो पैसे भेज पाएंगे और न ही रिसीव कर पाएंगे।

गूगल का बड़ा फैसला | Image: Social Media

GPay Shutdown: पेटीएम पेमेंट बैंक पर आरबीआई के कसे शिकंजे से पहले ही यूजर्स परेशान हैं। इस बीच गूगल पे यूज करने वालों के लिए भी एक बड़ी खबर आई है। गूगल ने अपने पेमेंट ऐप GPay को बंद करने का फैसला किया है। 4 जून 2024 को यह पेमेंट ऐप काम करना बंद कर देगा, जिससे लाखों यूजर्स की दिक्कतें बढ़ जाएगी।

हालांकि यह फैसला अमेरिकी यूजर्स के लिए लिया गया। गूगल पे पेमेंट ऐप भारत में नहीं बल्कि अमेरिका में बंद होने जा रही है। जी हां, अमेरिका में पुरानी गूगल पे ऐप को बंद करने का फैसला लिया है। इसलिए भारतीय यूजर्स को इससे परेशान होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है।

गूगल ने क्यों लिया ये फैसला?

दरअसल, गूगल अपनी पेमेंट सर्विसेज को एक ही प्लेटफॉर्म पर लेकर आ रही है। इसके लिए गूगल वॉलेट पर फोकस किया जा रहा है।

गूगल ने अपने एक बयान में बताया है कि गूगल पे बंद करने का उद्देश्य सभी सुविधाओं को गूगल वॉलेट प्लेटफॉर्म में ट्रांसफर करना है। इससे गूगल पर भुगतान पेशकश को सरल बनाया जा सकता है। बता दें कि अमेरिकी यूजर्स के लिए गूगल ने peer-to-peer पेमेंट भी बंद कर दिया।

गूगल ने दी ये सलाह

गूगल के अनुसार 4 जून 2024 के बाद अमेरिकी यूजर्स गूगल पे के जरिए न तो पैसे भेज पाएंगे और न ही रिसीव कर पाएंगे। ऐसे में यूजर्स को 4 जून से पहले गूगल वॉलेट पर शिफ्ट होने की सलाह दी गई है। गूगल वॉलेट पर वर्चुअल डेबिट/क्रेडिट कार्ड, टिकट, पास और टैप-टू-पे जैसी सुविधाएं प्रदान की जाती है। गूगल का कहना है कि वो यूजर्स को समय-समय पर अपडेट भी देता रहता है।

भारतीय यूजर्स पर नहीं पड़ेगा असर

गूगल की ओर से साफ किया गया कि गूगल पे ऐप सिर्फ अमेरिका में बंद हो रहा है। भारत और सिंगापुर में इसका कोई असर नहीं होगा। बता दें कि इस पेमेंट ऐप का सबसे ज्यादा इस्तेमाल भारत, सिंगापुर और अमेरिका में ही होता है।

यह भी पढ़ें: स्पैम कॉल पर लगेगी लगाम! सरकार भी लेकर आ रही TrueCaller जैसी सुविधा, जानिए कैसे करेगी काम?
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 25 February 2024 at 19:55 IST