US Iran: समझौता होगा या फिर फंस जाएगा पेंच? ईरान ने अमेरिका को 14 सूत्रीय शांति प्रस्ताव, ट्रंप बोले- स्वीकार्य नहीं लगता
Iran Peace Proposal to US: युद्ध खत्म करने के लिए ईरान ने अमेरिका को 14 सूत्रीय शांति प्रस्ताव भेजा है, जिस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान आया है। सवाल है कि अब जंग रुकेगी या दोबारा हालात बिगड़ेंगे?
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
US Iran news: अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर समझौता हो पाएगा या नहीं, इस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। अब तक तो बात नहीं बन पाई है। हालांकि इस बीच ईरान ने डील को लेकर अमेरिका को नया ड्राफ्ट भेजा है, जिसमें उसकी 14 मांगें शामिल हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस प्रस्ताव की समीक्षा करने की बात कही है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुझे नहीं लगता ये स्वीकार्य होगा।
ईरान ने पर्याप्त कीमत नहीं चुकाई- ट्रंप
ईरान के 14 सूत्रीय प्रस्ताव पर ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने Truth Social पर एक पोस्ट करते हुए लिखा, "मैं जल्द ही उस योजना की समीक्षा करूंगा जो ईरान ने अभी-अभी हमें भेजी है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह स्वीकार्य होगी, क्योंकि पिछले 47 वर्षों में मानवता और दुनिया के साथ उन्होंने जो कुछ भी किया है, उसके लिए उन्होंने अभी तक पर्याप्त कीमत नहीं चुकाई है।"
क्या ईरान पर दोबारा हमले शुरू करेंगे ट्रंप?
दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ने दक्षिण फ्लोरिडा में ईरान पर दोबारा हमले शुरू करने पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर वे दुर्व्यवहार करते हैं, अगर वे कुछ बुरा करते हैं, लेकिन अभी हम देखेंगे। यह एक संभावना है कि ऐसा हो सकता है, निश्चित रूप से।"
ट्रंप ने फिर दावा किया कि ईरान की हालत बहुत खराब है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह समझने में मुश्किल हो रही है कि उनका नेता कौन है? दरअसल, उन्हें पता ही नहीं है कि उनका नेता कौन है क्योंकि उनका नेता जा चुका है।
राष्ट्रपति ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका अभी भी ईरान की मिसाइल उत्पादन क्षमताओं के शेष हिस्से को निशाना बनाना चाहता है। उन्होंने कहा, "हां, मैं इसे खत्म करना चाहूंगा।"
सीजफायर नहीं युद्ध खत्म करना चाहता है ईरान
तस्नीम न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका को 14 सूत्रीय प्रस्ताव का ड्राफ्ट अमेरिका के उस 9 सूत्रीय प्रस्ताव के जवाब में भेजा है, जिसमें वाशिंगटन ने दो महीने के सीजफायर का सुझाव दिया था। प्रस्ताव में ईरान ने 30 दिनों में सभी प्रमुख मुद्दों को सुलझाने पर जोर दिया।
ईरान ने अस्थायी संघर्षविराम की जगह "युद्ध के पूर्ण अंत" पर भी जोर दिया। इसके अलावा ये भी मांग की गई है कि भविष्य में ईरान के खिलाफ किसी भी सैन्य हमले को रोकने के लिए सुरक्षा गारंटी और आसपास के क्षेत्र से अमेरिकी बलों की वापसी की जाए। ईरान ने कहा कि उस पर लगे सभी अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को हटाया जाए, विदेशों में फ्रीज हुई ईरानी संपत्ति को मुक्त किया जाए और प्रतिबंधों व सैन्य दबाव से हुए नुकसान के मुआवजा दिया जाए।
प्रस्ताव में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के लिए एक नए शासी तंत्र का भी ईरान की ओर से सुझाव दिया गया है, जिससे समुद्री प्रवाह निर्बाध बना रहे।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 3 May 2026 at 07:25 IST