एक दर्जन टूटे मोबाइल, 2 इंसुलेटर, गले हुए डॉक्यूमेंट्स जब्त...NEET केस में CBI को सफलता, एक गिरफ्तार
NEET paper leak case: झारखंड के धनबाद से CBI ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी निशानदेही पर कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं।
- भारत
- 2 min read

NEET paper leak case: नीट-यूजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीबीआई ने झारखंड के धनबाद से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साथ ही वहां से सीबीआई के हाथ कुछ अहम सुराग भी लगे हैं। नीट पेपरकांड में ये 37वीं गिरफ्तारी हुई है।
आरोपी पवन की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने उससे पूछताछ की थी। इस पूछताछ में पवन ने कुछ चीजों का खुलासा किया था, जिसके आधार पर CBI ने शहीद गुरुदास चटर्जी फुटबॉल मैदान के पास भाटबांध तालाब पर जांच पड़ताल की। जब गोताखोरों की मदद से CBI ने तालाब के अंदर तलाश कराई तो अहम चीजें उसके हाथ लगीं। तालाब से CBI को एक प्लास्टिक की बोरी बरामद हुई, जिसमें कथित तौर पर एक दर्जन टूटे मोबाइल, 2 इंसुलेटर और गले हुए कुछ डॉक्यूमेंट्स थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी पवन ने पूछताछ के दौरान एजेंसी को बताया था कि दस्तावेज और फोन के साथ अन्य उपकरण सुदामडीह इलाके में एक तालाब में फेंके गए थे। आरोपी पवन का नाम इस मामले में कथित तौर पर आरोपी अमित कुमार से पूछताछ के दौरान खुला था। अमित ने खुलासा किया था कि लीक पेपरों को बांटने में पवन की बड़ी भूमिका थी। अमित ने पवन का पता भी सीबीआई को बताया था। उसी के बाद जांच एजेंसी ने पवन के ऊपर हाथ डाला था।
Advertisement
हजारीबाग से गिरफ्तार हुआ था सूत्रधार
सीबीआई ने गुरुवार को बताया था कि झारखंड के हजारीबाग से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें कथित रूप से पेपरलीक कांड का सूत्रधार पंकज कुमार भी शामिल है। सीबीआई के मुताबिक, पंकज कुमार ने हजारीबाग के ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल और उप-प्रिंसिपल के साथ सांठगांठ कर 5 मई को परीक्षा से कुछ घंटे पहले नीट पेपर हासिल कर लिया था। बाद में उसे हल कर उन उम्मीदवारों को भेजा था, जिन्होंने पैसे दिए थे। सीबीआई ने बताया था कि कथित सूत्रधारों में से एक पंकज कुमार ने ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के डिस्ट्रिक्ट कॉर्डिनेटर एहसानुल हक और उप-प्रिंसिपल, केंद्र अधीक्षक इम्तियाज आलम के साथ सांठगांठ कर अपराध को अंजाम दिया था।