खेल मंत्री मांडविया प्रतिभा पहचान कार्यक्रम के दूसरे चरण का शुक्रवार को करेंगे उद्घाटन
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया शुक्रवार को यहां सरकार के महत्वाकांक्षी ‘खेलो इंडिया उदीयमान प्रतिभा पहचान (कीर्ति)’ कार्यक्रम के दूसरे चरण का उद्घाटन करेंगे
- खेल
- 2 min read

पेरिस ओलंपिक को लेकर खेलों की चर्चा के बीच केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया शुक्रवार को यहां सरकार के महत्वाकांक्षी ‘खेलो इंडिया उदीयमान प्रतिभा पहचान (कीर्ति)’ कार्यक्रम के दूसरे चरण का उद्घाटन करेंगे।‘कीर्ति’ का पहला चरण मांडविया से पहले खेलमंत्री रहे अनुराग ठाकुर द्वारा 12 मार्च को चंडीगढ़ में लॉन्च किया था।
कीर्ति का लक्ष्य अधिसूचित प्रतिभा मूल्यांकन केंद्रों के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करने के लिए पूरे वर्ष में देश भर में 20 लाख मूल्यांकन करना है। यह अपने पैमाने का देश की सबसे बड़ी प्रतिभा पहचान और मूल्यांकन कार्यक्रम है। यहां जारी विज्ञप्ति के मुताबिक ‘कीर्ति’ की सबसे बड़ी खासियत सूचना प्रौद्योगिकी पर आधारित पारदर्शी चयन है।
विज्ञप्ति के मुताबिक महत्वाकांक्षी खिलाड़ी के खेल कौशल का अनुमान लगाने के लिए कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पर आधारित डेटा एनालिटिक्स का उपयोग किया जा रहा है। इसके पहले चरण में 70 केंद्रों पर 3,62,683 पंजीकरणों में से, 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 51,000 मूल्यांकन किए गए हैं।
खेलों इंडिया में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले महाराष्ट्र (9168) और हरियाणा (4820) से सबसे अधिक मूल्यांकन हुए है। असम 4703 मूल्यांकन के साथ तीसरे स्थान पर था। इसमें 11 खेलों में खिलाड़ियों के मूल्यांकन हुए है जिसमें तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, भारोत्तोलन और कुश्ती शामिल है।
Advertisement
सबसे ज्यादा मूल्यांकन एथलेटिक्स (13804) और फुटबॉल (13483) में हुए हैं। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘बड़े पैमाने पर भागीदारी के माध्यम से देश के हर बच्चे तक खेल को ले जाने और अंततः खेलो इंडिया के संरचित पिरामिड कार्यक्रमों के माध्यम से उत्कृष्टता हासिल करने के दृष्टिकोण’ के अनुरूप है।